खदान धंसकने से तीन महिलाओं की मौत; प्रशासन ने जेसीबी बुलाकर मिट्टी हटवाई, दबी महिलाओं को निकाला
सीधी। जिले के जनपद क्षेत्र मझौली के टिकरी गांव में छुही की एक खदान धंसकने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। चार महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक महिला को सीधी रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने जेसीबी मंगवाकर खदान की मिट्टी हटवाई और दब गई महिलाओं को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, टिकरी स्थित इस छूही खदान में आसपास के गांव की कई महिलाएं घर की पुताई के लिए गुरुवार को छुही निकालने गयी थीं। इसी दौरान खदान के अचानक धंसक जाने से महिलाएं दब गईं। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने मदद की गुहार लगाई तो ग्रामीण आए और उन्होंने महिलाओं को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी बुलाई, मिट्टी हटवाई और महिलाओं को बाहर निकाला। इस हादसे में उर्मिला (45), रामबाई (35), बुटइया (55) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इन महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली में भर्ती कराया गया, जहां से एक महिला को सीधी रेफर किया गया है।